रांची में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, आठ गिरफ्तार
रांची, 01 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में बड़े पैमाने पर संचालित देह व्यापार रैकेट के खिलाफ पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों और तीन युवकों समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन को जानकारी मिली थी कि राजधानी के लालपुर, चुटिया सहित विभिन्न इलाकों में संगठित तरीके से देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना के अनुसार रैकेट में दो दर्जन से अधिक युवतियां शामिल थीं, जिन्हें होटलों और किराए के मकानों में रखकर अवैध गतिविधियां कराई जा रही थीं।
सूचना की पुष्टि के बाद एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें रैकेट से जुड़े लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार युवतियों में अधिकांश रांची और कोलकाता की रहने वाली हैं। छापेमारी के दौरान ग्राहकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में रैकेट संचालित करने वाली महिला सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला सरगना पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाकर रांची में देह व्यापार का नेटवर्क चला रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपित महिला का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी जेल जा चुकी है।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे