एनओसी की वजह से नहीं रुके योजना, विभाग समन्वय बना कर करें काम : डीसी

 


रामगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले में एनओसी की वजह से किसी भी योजना पर असर नहीं पड़ेगा। डीसी ऋतुराज ने जिले के तमाम विभागों, सीसीएल और टाटा क्षेत्र में प्रस्तावित योजना को समन्वय बनाकर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है। शनिवार को एनओसी के मुद्दे पर डीसी ने बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। सीसीएल और टाटा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न सरकारी परियोजनाओं के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) निर्गत किए जाने के लिए तत्काल समन्वय बनाने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान जिले में स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य जनकल्याणकारी सरकारी परियोजनाओं के निर्माण के

लिए आवश्यक भूमि उपलब्धता और अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाने से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों, सीसीएल और टाटा प्रबंधन के प्रतिनिधियों से लंबित प्रस्तावों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी सरकारी परियोजनाएं आमजन के हित से सीधे जुड़ी हैं। ऐसे में इन योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक विलंब की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित सभी विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

बैठक में परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक मामले का विभागवार समीक्षा करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। डीसी ने सीसीएल के सभी अधिकारियों को उनके उनके क्षेत्र में रिहैबिलिटेशन साइट्स का निरीक्षण कर वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, शौचालय, विद्युत, ड्रेनेज का आंकलन करते हुए सुविधा बहाल करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश