बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा को लेकर नौ केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा

 


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की ओर से आगामी 16 अगस्त 2026 को आयोजित बीएससी नर्सिंग (बेसिक व पोस्ट बेसिक) प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने राजधानी रांची के नौ परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह निषेधाज्ञा 16 अगस्त 2026 को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है।

परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश पर परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। असामाजिक तत्वों की ओर से भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था प्रभावित किए जाने की आशंका को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, रांची ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की है। आदेश के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर जमा होने, ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र या हरवे-हथियार लेकर चलने तथा किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर रोक रहेगी। सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar