प्रोफेशनल्स कांग्रेस के थिंक 29 कार्यक्रम में चेंबर अध्यक्ष ने की खासमहल भूमि को फ्रीहोल्ड करने की मांग

 


रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। झारखंड प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से बुधवार को रांची के होटल बीएनआर में आयोजित थिंक 29 कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष तुलसी पटेल ने शामिल होकर झारखंड के आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

इस अवसर पर उपस्थित ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड यास्कीष और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू को उन्होंने मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।

मौके पर चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि नीतिगत और प्रशासनिक बाधाओं के कारण राज्य अपनी क्षमता के अनुरूप विकास नहीं कर पा रहा है। उन्होंने खासमहल भूमि को फ्रीहोल्ड करने की नीति बनाने, औद्योगिक क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट करने, सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने और ट्रांसपोर्ट नगर का जल्दो संचालन शुरू करने की आवश्यकता बताई।

चेंबर अध्यक्ष ने राज्य से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और लॉजिस्टिक हब की स्थापना, मालवाहक परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में फास्ट मेमू ट्रेनों के परिचालन, ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था के सरलीकरण, होल्डिंग टैक्स की समीक्षा और कृषि बाजार समितियों में किराया वृद्धि पर पुनर्विचार की आवश्यकता बताई।

उन्होंतने राज्य में निवेश अनुकूल वातावरण के लिए कानून-व्यवस्था में सुधार, औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल का गठन करने और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक तीन माह में राज्यस्तरीय औद्योगिक समीक्षा बैठक आयोजित करने का सुझाव भी दिया।

चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी राजनीतिक दलों को झारखंड के व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार सृजन के लिए स्पष्ट और क्रियान्वयन योग्य विकास रोडमैप तैयार करना चाहिए। व्यापारी और उद्यमी उसी व्यवस्था से संतुष्ट होते हैं, जहां उनकी समस्याओं का समाधान हो और सरकार की नीतियों का सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई दे।

मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के अलावा कई उपस्थित गणमान्य से भी चेंबर अध्यक्ष की वार्ता हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak