विधानसभा घेराव 10 अगस्त को, छात्रों के साथ पूरी ताकत से उतरेगा भाजयुमो : शशांक राज

 


रांची, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं एवं घोटाले को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

राज ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और झारखंडी युवाओं के अधिकार एवं रोजगार के अवसरों को बाहरी लोगों के हाथों बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार युवाओं का अधिकार है, किसी सरकार की कृपा नहीं।

राज शनिवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित होटल गंगा रेजीडेंसी में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जेपीएससी मामले में सीआईडी जांच और चेयरमैन के इस्तीफे को महज आई-वॉश और राजनीतिक स्टंट बताकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा अब इस तरह के छलावे में आने वाले नहीं हैं। युवाओं को पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।

राज ने कहा कि पिछले 15 दिनों से छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बारिश और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भूखे-प्यासे धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों का यह आंदोलन इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार को झारखंड के युवाओं के भविष्य की कितनी चिंता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा छात्रों के आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। आगामी 10 अगस्त को छात्रों द्वारा प्रस्तावित विधानसभा घेराव को भाजयुमो अपना पूर्ण समर्थन देगा और छात्रों के कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन में खड़ा रहेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी नियुक्ति में लगे तमाम आरोपों की सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि सीबीआई एक स्वतंत्र केंद्रीय जांच एजेंसी है और निष्पक्ष जांच के माध्यम से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

राज ने अभय तिवारी की ओर से कथित रूप से पैसे के बंदरबांट की बात स्वीकार किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि जांच में नीचे से ऊपर तक पैसे के लेन-देन और बंदरबांट की पुष्टि होती है, तो इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोपों की जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार झारखंड के छात्रों के भविष्य को बर्बाद करना बंद करे और युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ करना बंद करे। सरकार यदि वास्तव में पारदर्शिता और युवाओं के हित के प्रति गंभीर है, तो बिना किसी राजनीतिक दबाव के सीबीआई जांच की अनुशंसा करे।

शशांक राज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “झारखंडी युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने दिया जाएगा। सरकार ने यदि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई, तो आने वाले समय में झारखंड के युवा लोकतांत्रिक तरीके से इसका पुरजोर जवाब देंगे।। प्रेसवार्ता में भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार,प्रदेश प्रवक्ता बबन बैठा, महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे