हत्या का आरोपित गिरफ्तार, जमीन विवाद में हुई थी हत्या
रांची,19 अप्रैल (हि.स.)। रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में मोचोकनी देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित सुण्डी मुंडा उर्फ काटे को गिरफ्तार किया है। इसके निशानदेही पर लोहे का दाउली बरामद किया गया है। इस हत्याकांड को जमीन विवाद की वजह से अंजाम दिया गया था।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 17 मार्च को तमाड़ थाना अंतर्गत ग्राम बेलबेड़ा उदय टोला में एक महिला की हत्या कर दी गई थी। मामले की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस ने सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक जांच को लेकर घटनास्थल ग्राम बेलबेड़ा उदय टोला पहुंची थी। ग्रामीण एसपी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की गई तो पता चला कि जमीन को लेकर ही पड़ोस के कुछ लोगों से महिला का विवाद था और हमेशा लड़ाई झगड़े होते रहते थे। जांच में यह बात सामने आई है कि लड़ाई के कारण ही गुस्से में आकर आरोपित सुण्डी मुंडा उर्फ काटे ने महिला मोचोकनी देवी की लोहे के दाउली से गला काटकर हत्या कर दी थी।
एसपी ने बताया कि अनुसंधान करने के दौरान उक्त आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की दाउली को विधिवत बरामद कर लिया गया है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि महिला के परिवार से हत्या के आरोपित का बहुत पुराना विवाद था। इस वजह से दोनों पक्षों में अक्सर मारपीट हुआ करती थी। आखिरकार इसी वजह से महिला की हत्या कर दी गई। महिला के पति बुड़का मुंडा के लिखित आवेदन के आधार पर उक्त आरोपित के खिलाफ तमाड़ थाना मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे