देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 साल रहा बेमिसाल : राज सिन्हा
रामगढ़, 14 जून (हि.स.)। देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने 12 वर्ष पूरे किए हैं। यह 12 वर्ष देश की जनता के लिए बेमिसाल साबित हुए हैं। ये बातें रविवार को रामगढ़ पहुंचे धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने कही।
सिन्हा 12 साल बेमिसाल विषय पर प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सुशासन, विकास, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार 4399 दिनों से अधिक समय तक देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। वहीं उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे कदमों से महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है।राज सिन्हा ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, रेलवे, सड़क, हवाई संपर्क और संचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक मान्यता तथा विश्व मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति इसका प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है, जिसे मोदी सरकार जनभागीदारी के माध्यम से साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति, जिला मंत्री शिव कुमार महतो, डॉ. संजय प्रसाद सिंह, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, भीमसेन चौहान, मनोज गिरि, ब्रजेश पाठक, सत्यजीत सिंह, जगदीश शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश