कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार शर्म नहीं बल्कि जश्न: प्रतुल

 




रांची, 13 मई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 3000 करोड़ के बहुचर्चित टेंडर घोटाले के मुख्य आरोपित पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद कांग्रेस नेता जश्न मना रहे हैं जो झारखंड की राजनीति के नैतिक पतन का सबसे बड़ा उदाहरण है।

प्रतुल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और उनके सहयोगियों ने जिस प्रकार “बेल उत्सव” मनाया, उससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार शर्म का नहीं बल्कि जश्न का विषय बन चुका है।

प्रतुल ने कहा कि जिस व्यक्ति के निजी सचिव के सहायक के यहां से ईडी की छापेमारी में 32 करोड़ से अधिक नकद बरामद हुआ, जिस मामले में उस सहायक जहांगीर आलम ने स्वयं स्वीकार किया कि पैसा आलमगीर आलम का है, उस मामले में बेल मिलने पर कांग्रेसियों का जश्न राज्य की जनता का अपमान है। बेल को कांग्रेस “बाइज्जत बरी” की तरह प्रस्तुत कर रही है, जबकि देश की जनता जानती है कि बेल न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है, भ्रष्टाचार मुक्त होने का प्रमाणपत्र नहीं।

प्रेस वार्ता में झारखंड प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे