कांग्रेस 26 को निकालेगी ‘संविधान बचाओ मार्च : चिब

 


रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर झारखंड में कांग्रेस पार्टी की ओर से ‘संविधान बचाओ मार्च’ (26 नवंबर) निकाला जाएगा। इस मार्च में झारखंड यूथ कांग्रेस सहित पार्टी के सभी संगठनात्मक विंग शामिल होंगे।

चिब ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी संविधान की रक्षा और कथित वोट चोरी के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने झारखंड यूथ कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी आंदोलन में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भागीदारी करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर जो दिशा-निर्देश दिए हैं, उसके तहत संविधान दिवस पर प्रदेश में संविधान बचाओ मार्च आयोजित किया जाएगा।

इस मार्च में यूथ कांग्रेस के साथ कांग्रेस के तमाम संगठनात्मक विंग सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस इस अभियान में पूरी ताकत के साथ भागीदारी करेगी। पार्टी का उद्देश्य संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के मुद्दे को जनता के बीच ले जाना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटाले, महंगाई और प्रदूषण जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद से देश का युवा बेरोजगारी और भर्ती संबंधी समस्याओं से जूझ रहे है। पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। इसके अलावा उन्होंने देश में ड्रग्स और नशे की बढ़ती समस्या को लेकर भी चिंता जताई।

कांग्रेस नेता ने बढ़ती महंगाई और प्रदूषण को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली से रांची तक प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है और आम लोगों को इसका सामना करना पड़ रहा है।

उनका आरोप था कि सरकार इन बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक सवालों से बचने की कोशिश करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे