परिसीमन विवाद कांग्रेस की देन : अमर बाउरी
रांची, 01 सितंबर (हि.स.)। भाजपा ने झारखंड में परिसीमन मामले पर कांग्रेस की ओर से केवल झूठ परोसने और इस पर दोहरी राजनीति करने को लेकर जोरदार हमला किया है।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने 2008 में तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से की गई पूर्व की गलतियों के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि परिसीमन विवाद की जिम्मेवारी सिर्फ कांग्रेस की है, कांग्रेस की गलत नीतियों की यह देन है। कांग्रेस ने कभी इसका स्थाई समाधान नहीं चाहा और यह बीमारी की तरह बढ़ता गया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
बाउरी ने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज की सदैव हितैषी रही है। भाजपा ने कई मौकों पर इसे प्रमाणित किया है। उन्होंने कहा कि 2008 में संविधान संशोधन किया गया था तब जनसंख्या के आधार पर परिसीमन का प्रस्ताव कांग्रेस की सरकार ने किया था। इससे झारखंड की आदिवासी सीटों की संख्या 28 से घटकर 22 हो रही थी। ऐसी परिस्थिति में भाजपा ने जनजातीय समुदाय के हितों और उनकी भावनाओं का कद्र करते हुए कांग्रेस का समर्थन किया था। 2008 में भाजपा ने यूपीए सरकार को संविधान में 84वें संशोधन के लिए राजनीति से ऊपर उठकर साथ दिया था।
बाउरी ने कहा कि आज कांग्रेस आदिवासी सीटें घटने को लेकर झारखंड में भ्रम फैला रही है। पहले तो कांग्रेस और राहुल गांधी को 2008 के प्रस्ताव के लिए जनजातीय समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस ने कई गलतियां की हैं। यदि वास्तव में राहुल गांधी को अपराधबोध के कारण आज पछतावा हो रहा है, तो उन्हें जनता से अविलंब माफी मांगनी चाहिए।
बाउरी ने कहा कि आज जो चरित्र कांग्रेस दिखा रही है, 2008 में वही चरित्र यदि भाजपा दिखाई होती तो क्या यह संशोधन कांग्रेस कर पाती। यदि भाजपा ने समर्थन नहीं किया होता तो 2008 में ही आदिवासी सीटें घट गईं होती। लेकिन भाजपा का यह स्वभाव नहीं है। भाजपा हमेशा राष्ट्र और यहां के नागरिकों के वृहद लाभ, उनके हक के साथ खड़ी रहती है।
बाउरी ने कहा कि परिसीमन आयोग के गठन के पहले ही कांग्रेस हायतौबा मचा रही है। अभी तक परिसीमन आयोग का गठन भाजपा सरकार ने किया भी नहीं है और न ही कोई प्रपोजल ही दिया गया है। कांग्रेस बेवजह आरोप लगा रही है। कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि आदिवासी, दलित, महिलाओं को उनका वास्तविक हक अधिकार मिले। कांग्रेस हर बार नया झूठ लेकर जनता को भ्रमित करती रहती है। उनके इस झूठ से झारखंड और देश को कितना नुकसान होगा इससे उनको कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया है कि इस बार परिसीमन का आधार जनसंख्या नहीं होगा। जितनी सीटें हैं उसमें 50 प्रतिशत बढो़ोतरी के साथ सीटें बढ़ाई जाएगी। यदि यहां 81 विधानसभा सीटें हैं तो 121 सीटें होंगी, 28 एसटी सीटों की जगह वह बढ़कर 42 हो जाएंगी, 09 एससी सीटें हैं वह 14 हो जाएंगी। जब सीटें बढ़ने वाली थीं तो झामुमो और कांग्रेस ने इसका विरोध किया। झामुमो और कांग्रेस यदि गृहमंत्री के 50 प्रतिशत वाले मॉडल को स्वीकार कर ले तो परिसीमन की विसंगतियां हमेशा के लिए खत्म हो जातीं।
मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, प्रकाश सिंह, मीडिया सह प्रभारी नीरज सिंह भी उपस्थित थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे