महामाया मंदिर में दुर्गोत्सव की तैयारी तेज, अरविंद बने पूजा समिति के अध्यक्ष

 

रामगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर श्री श्री महामाया मंदिर माया टुंगरी ट्रस्ट रामगढ़ ने तैयारियों की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार की संध्या होटल सैनी के सभागार में ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष दामोदर महतो और संचालन ट्रस्ट के सचिव झलक देव महतो ने किया। इस दौरान बैठक में पंडाल निर्माण और आकर्षक सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, भक्ति संगीत, प्रसाद वितरण, पार्किंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

ट्रस्ट के अध्यक्ष दामोदर महतो ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी महामाया मंदिर में दुर्गा पूजा को श्रद्धा, भव्यता और बेहतर व्यवस्था के साथ आयोजित करने का संकल्प है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में सर्वसम्मति से महामाया मंदिर दुर्गा पूजा 2026 पूजा समिति का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अरविंद कुमार महतो को अध्यक्ष, विजय कुमार कुशवाहा को उपाध्यक्ष, प्रवीण कुमार सोनू को कोषाध्यक्ष, योगेंद्र कुमार को सचिव एवं सचिन करमाली को सह सचिव चुना गया। साथ ही ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि पूजा समिति की शेष कार्यकारिणी का भी जल्द विस्तार किया जाएगा। इसके बाद पूजा की तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां निर्धारित कर आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। महामाया मंदिर का यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बैठक में ट्रस्ट के सदस्य हरविंदर सिंह (बबलू), महेश कुमार, चिंतामणि पटेल, बैजनाथ महतो, दिनेश महतो, संतोष कुमार निराला, सोमनाथ महतो, शीतल प्रसाद, महेश महतो, राजेंद्र पटेल, सेवापदो महतो सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश