राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद भाजपा कार्यालय पहुंचे प्रदीप वर्मा, कहा- सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी है
रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा बुधवार को पहली बार पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर प्रदीप वर्मा ने सबसे पहले पार्टी के संस्थापक नेताओं में शामिल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदीप वर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदीप वर्मा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पार्टी को मजबूती मिलेगी। राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलना उनके संगठन के प्रति समर्पण और मेहनत का सम्मान है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।
प्रदीप वर्मा ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य फोकस संगठन के विस्तार और उसे मजबूत करने पर रहेगा। वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे। प्रदीप वर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, मुनेश्वर साहू, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, अशोक बड़ाईक, केके गुप्ता, शोभा यादव, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, राहुल अवस्थी, रजनीश पांडे, रमेश सिंह, राकेश भास्कर, ललित ओझा, शशि भूषण भगत, पंकज सिन्हा, गोपाल सोनी, इंद्रजीत यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे