झारखंड प्रदेश इंटक के महाधिवेशन में प्रदीप बालमुचू फिर निर्वाचित हुए अध्यक्ष
रांची, 04 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की कार्यकारिणी बैठक और महाधिवेशन शनिवार को रांची में संपन्न हुआ।
बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक के मुख्य अतिथि इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन इंटक के राष्ट्रीय महासचिव एनजी अरुण ने किया और कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित झारखंड प्रदेश इंटक अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू ने की।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ इरफान अंसारी, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी, विधायक रामचंद्र सिंह सहित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
बैठक में इंटक के सभी नेताओं और प्रतिनिधियों ने इंटक के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही चतरा जिला इंटक के अध्यक्ष साबिर हुसैन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे के योगदानों को किया गया याद
इस अवसर पर वक्ताओं ने चंद्रशेखर दुबे के संघर्षपूर्ण जीवन और मजदूर हितों के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए इंटक मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूत और धारदार बनाएगा।
महाधिवेशन में झारखंड के सभी जिलों से इंटक प्रतिनिधियों के साथ-साथ सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल, सेल, लोहरदगा बॉक्साइट माइंस, चिड़िया माइंस (चाईबासा), नोवामुंडी माइंस (चाईबासा) सहित विभिन्न औद्योगिक और खनन क्षेत्रों के श्रमिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने मजदूरों की ज्वलंत समस्याओं, श्रमिक अधिकारों और केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए चार नए श्रम संहिताओं (लेबर कोड) पर विस्तार से चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा कि यदि इन श्रम कानूनों को वर्तमान स्वरूप में लागू किया गया तो इससे देश के करोड़ों मजदूरों के अधिकार कमजोर होंगे। सभी प्रतिनिधियों ने श्रमिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान इंटक के राष्ट्रीय महासचिव एनजी अरुण ने संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान, श्रमिक आंदोलन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। महाधिवेशन में संगठनात्मक और श्रमिक हितों से जुड़े 08 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
महाधिवेशन में डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू को उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से पुनः झारखंड प्रदेश इंटक का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके पुनर्निर्वाचन पर उपस्थित सभी प्रतिनिधियों और अतिथियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी।
इस अवसर पर इंटक के कोषाध्यक्ष आरएन चौबे, कालीचरण यादव, युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा, रमेश कुमार झा, राहुल कुमार विश्वकर्मा, मनोज दास, आरपी सिंह, बच्चन पांडे, सुधांशु शेखर झा, खजांची राम, उदय प्रताप सिंह, ओमप्रकाश प्रजापति, जिया आलम, सुनील सिंह, मंगरा उरांव, आशुतोष सिंह, ब्रजकिशोर चौधरी, मनोज कुमार तिवारी सहित झारखंड के सभी जिलों से आए सैकड़ों इंटक पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak