गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 15 से निकलेगी प्रभात फेरी
रांची, 13 दिसंबर (हि.स.)। श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरु नानक सत्संग सभा की ओर से 15 दिसंबर से प्रभातफेरी की शुरुआत होगी। वहीं इसे लेकर तीन और चार जनवरी को प्रकाश पर्व के उपलक्ष्यव में विशेष दीवान सजाया जाएगा।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 15 से 23 दिसंबर तक प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। 27 दिसंबर को प्रकाश पर्व के दिन सुबह 8 बजे से 10.30 बजे तक दीवान सजेगा। इस दीवान में हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह का शबद गायन और हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह जी की ओर से कथा वाचन होगा। दीवान समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर चलाया जाएगा।
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने शनिवार को बताया कि पटना साहिब में प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए कृष्णा नगर कॉलोनी से 600 श्रद्धालु 23 और 24 नवंबर को विभिन्न जत्थों में सड़क और रेल मार्ग से रवाना होंगे। पटना साहिब में प्रकाश पर्व में शामिल होने के बाद सभी श्रद्धालु 29 दिसंबर को वापस रांची पहुंचेंगे।
प्रकाश पर्व के अवसर पर में गुरु नानक सत्संग सभा की ओर से 3 जनवरी और 4 जनवरी 2026 रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा। दोनों दीवानों की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट कर चलाया जाएगा। इस मौके पर गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि सत्संग सभा के प्रधान अर्जुन देव मिड्ढा और सचिव सुरेश मिड्ढा एवं मनीष मिड्ढा ने सभी श्रद्धालुओं से प्रकाश पर्व के सभी कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak