पलामू में बिजली संकट को लेकर झामुमो ने महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन
पलामू, 21 मई (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर झामुमो नेताओं ने गुरूवार को बिजली विभाग के महाप्रबंधक श्रवण कुमार को ज्ञापन सौंपकर जल्द सुधार की मांग की।
इस मौके पर पार्टी नेता सन्नी शुक्ला ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम लोगों का जीवन काफी कठिन बना दिया है। मेदिनीनगर शहर में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान समय में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में बिजली कटौती लोगों के लिए और भी बड़ी समस्या बन गई है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। रात में बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है और दिन में गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मेदिनीनगर शहर में बिजली आपूर्ति को सुचारू, नियमित और निर्बाध किया जाए। बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि इस भीषण गर्मी में आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर आगे आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।
मौके पर झामुमो नेता सन्नी शुक्ला, आशुतोष विनायक, वार्ड पार्षद रौशन कुमार नाग, किसान मोर्चा के अध्यक्ष वशिष्ठ सिंह और युवा नेता मुकेश चौधरी भी मौजूद थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार