डाक पेंशनर्स 11 सूत्री मांगों को लेकर 10 अगस्त को करेंगे धरना-प्रदर्शन
रांची, 08 अगस्त (हि.स.)। ऑल इंडिया पोस्टल-आरएमएस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड की बैठक शनिवार को रांची जीपीओ में केडी राय व्यथित की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यालय के निर्देश पर 10 अगस्त 2026 को अपराह्न तीन बजे रांची जीपीओ परिसर में 11 सूत्री मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद सचिव, डाक विभाग, नई दिल्ली को मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा जाएगा।
राज्य सचिव एमजेड खान ने कहा कि एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में 1981 से 1983 के बीच नियुक्त आरटीपी कर्मचारियों की सेवा अवधि को नियमित करना, मुख्य डाकघरों से संचालित पेंशन संबंधी कार्यों को डाक लेखा निदेशक कार्यालय में स्थानांतरित करने के आदेश को रद्द करना, इंडक्शन ट्रेनिंग की अवधि को प्रोन्नति में शामिल कर लाभ देना तथा कर्मचारियों की तर्ज पर पारिवारिक पेंशन में नॉशनल इंक्रीमेंट का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा पारिवारिक पेंशन की मंजूरी में विलंब समाप्त करने और अनुशासनिक मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग भी रखी गई।
बैठक में सीजीएचएस में व्याप्त समस्याओं पर चिंता जताई गई। जन औषधि की आपूर्ति को लेकर भी सवाल उठाए गए। इस दौरान बताया गया कि 11 अगस्त 2026 को सुबह 11.30 बजे मुख्य डाक महाध्यक्ष कार्यालय में सर्कल स्तरीय पेंशन अदालत आयोजित होगी। एसोसिएशन इसमें पेंशनर्स के मामलों का प्रतिनिधित्व करेगा। 31 जुलाई 2026 को रांची में अंतिम कार्यदिवस पर पेंशन भुगतान नहीं होने पर भी रोष जताया गया। एसोसिएशन ने पेंशन मंत्रालय के निर्देशानुसार अंतिम कार्यदिवस पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में मुख्य रूप से राज्य सचिव एमजेड खान, राज्य अध्यक्ष साधन कुमार सिन्हा, जीएन शर्मा, त्रिवेणी ठाकुर, एसपी मंडल और अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar