पोस्टल पेंशनर्स एसोसिएशन का 11 सूत्री मांगों को लेकर धरना

 


रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। पोस्टल पेंशनर्स एसोसिएशन ने 11 सूत्री मांगों के समर्थन में शनिवार को शहीद चौक पर द्वितीय चरण का राज्य स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व वरिष्ठ डाक अधीक्षक सह राज्य अध्यक्ष साधन कुमार सिन्हा ने की।

एसोसिएशन के राज्य सचिव एमजेड खान ने कहा कि आठवें वेतन आयोग के संदर्भ में केंद्रीय पेंशनर्स के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने अंतरिम राहत मंजूर करने और 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते को मूल पेंशन में समायोजित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि धरने में प्रस्ताव पारित कर चेतावनी दी गई है कि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं होने पर दो दिसंबर 2026 को राज्य स्तरीय रिले भूख हड़ताल की जाएगी।

साधन कुमार सिन्हा ने इस मौके पर बताया कि एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में आरटीपी की सेवा अवधि का नियमितीकरण, डाकघरों से पेंशन संबंधी कार्य डाक लेखा कार्यालयों को हस्तांतरित करने का आदेश वापस लेना, पारिवारिक पेंशनर्स को 30 जून और 31 दिसंबर 2026 की वेतन वृद्धि का लाभ देना तथा पेंशन मामलों के निपटारे में हो रहे विलंब को समाप्त करना शामिल है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 10 अगस्त को मंडलीय स्तर पर धरना देकर मांगों का ज्ञापन डाक विभाग के सचिव को भेजा गया था। एसोसिएशन ने 25 नवंबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देने की भी घोषणा की है, जिसमें झारखंड से एक दर्जन से अधिक पेंशनर्स के शामिल होने की बात कही गई है।

धरने में केडी राय, जीएन शर्मा, त्रिवेणी ठाकुर, बलदेव साहू, हरिराम तिवारी, बिपिन चौधरी, अशोक कुमार और नरेश लाल सहित कई पेंशनर्स मौजूद रहे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar