रामगढ़ में 23 जुलाई को लगेगा डाक जीवन बीमा महालॉगिन मेला
रामगढ़, 29 जून (हि.स.)। रामगढ़ प्रधान डाकघर में 23 जुलाई को झारखंड परिमंडल के निर्देश पर डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा महालॉगिन मेला आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में प्रधान डाकघर के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय और पोस्टमास्टर मो जसीम खान ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़कर इसका लाभ उठाने की अपील की।
मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बताया कि महालॉगिन मेला के दौरान पात्र लोगों का डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा कराया जाएगा। यह योजना कम प्रीमियम में बेहतर सुरक्षा और अधिक बोनस प्रदान करती है, इसलिए आम लोगों को इसका लाभ अवश्य लेना चाहिए। सोमवार को भी उन्होंने अन्य डाक कर्मियों के साथ मिलकर कई लोगों का बीमा कर योजना से जोड़ा।
रविशंकर राय ने बताया कि डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा देश की सबसे पुरानी और भरोसेमंद बीमा योजनाओं में शामिल हैं। इसमें कम प्रीमियम पर अधिक बोनस मिलता है और अधिकतम 50 लाख रुपए तक का बीमा कराया जा सकता है। योजना के तहत 19 वर्ष से 55 वर्ष तक के व्यक्ति बीमा कराने के पात्र हैं। इसके अलावा आयकर अधिनियम की धारा 80-सी के तहत कर छूट, ऋण एवं अभ्यर्पण की सुविधा, किसी भी डाकघर में प्रीमियम जमा करने एवं किसी भी डाकघर से भुगतान की सुविधा, ऑनलाइन प्रीमियम भुगतान एवं परिपक्वता पर मिलने वाली राशि पूरी तरह आयकर मुक्त होने जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। ग्राहकों को पासबुक एवं बॉन्ड पेपर भी प्रदान किए जाते हैं, जिससे योजना पर उनका विश्वास और मजबूत होता है।
इस अवसर पर समाजसेवी पिंकी राय, रेखा देवी, स्वीटी सोनी, आरती कुमारी सहित कई लोगों ने डाक जीवन बीमा योजना का लाभ लिया। रविशंकर राय ने लोगों से 23 जुलाई को आयोजित महालॉगिन मेला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश