रक्षाबंधन पर डाक विभाग रविवार को भी करेगा राखियों की डिलीवरी

 


रांची, 03 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग ने राखियों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। रेलवे मेल सेवा (आरएमएस), रांची में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सुपरिंटेंडेंट ऑफ रेलवे मेल (एसआरएम) प्रेमजीत कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन तक रविवार को भी राखियों की विशेष डिलीवरी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित समय के बाद भी वितरण जारी रहेगा। देशभर से बुक की गई राखियों को प्राथमिकता के आधार पर संसाधित किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर एयर नेटवर्क के माध्यम से भी भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि अब आरएमएस रांची सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे कार्य करेगा। तीन शिफ्टों में संचालित इस व्यवस्था के तहत नागरिक किसी भी समय स्पीड पोस्ट, पार्सल, साधारण डाक, बुक पोस्ट और अन्य डाक सामग्री की बुकिंग करा सकेंगे।

प्रेमजीत कुमार ने कहा कि भारतीय डाक विभाग व्यापारियों, स्टार्टअप, ऑनलाइन विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए ई-कॉमर्स समाधान एवं डोर-स्टेप पार्सल पिकअप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।

इसके अलावा लॉजिस्टिक्स पोस्ट सेवा के तहत फुल ट्रक लोड (एफटीएल) और हाफ ट्रक लोड (एलटीएल) के माध्यम से व्यावसायिक माल की सुरक्षित और तेज ढुलाई की सुविधा दी जा रही है।

प्रेस वार्ता आईआरएम दिवाकर कुमार, संदीप कुमार महतो, राहुल कुमार सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar