त्योहारों पर पुलिस का पहरा, एसपी ने थाने का किया निरीक्षण
रामगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रामगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को रामगढ़ थाना का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने थाना के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी लगातार दिखाई देनी चाहिए।
एसपी ने प्रमुख आयोजन स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, अनावश्यक जमावड़े और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया गया। एंटी क्राइम चेकिंग को प्रभावी बनाने, सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग और पैदल गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
महिला, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं अफवाह और भ्रामक सूचनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर भी नजर रखने को कहा गया। एसपी ने सभी पदाधिकारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और प्रोफेशनल पुलिसिंग के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश