रामगढ़ में 05 साल से लापता बच्चों को तलाश रही पुलिस, रखा 50 हजार का ईनाम
रामगढ़, 21 मई (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र से लापता बच्चों की तलाश पुलिस काफी शिद्दत से कर रही है। गुरुवार को पुलिस ने वैसे बच्चों के पोस्ट सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जो पिछले 05 सालों से लापता या अपहृत हैं। पुलिस ने सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। वर्ष 2021 से लापता एक लड़की प्रतिमा कुमारी और वर्ष 2024 से लापता एक लड़के विक्रम सिंह का पोस्टर पुलिस ने लगाया है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि सब इंस्पेक्टर जॉनी कुमार को इस ड्यूटी में लगाया गया है। प्रतिमा कुमारी के लापता होने के मामले में मामला दर्ज है।
रामगढ़ थाना की ओर से 50 हजार के इनाम राशि के साथ थाना चौक, सुभाष चौक, ट्रेकर स्टैंड, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कोठार, कैथा में पोस्टर लगाया गया है। इससे पहले रांची जिले के करुणा आश्रम, बाल आश्रय, प्रेम आश्रय संस्था में भी पता किया गया पर कोई सुराग नहीं मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश