रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों की तलाश में पुलिस ने की छापेमारी
रामगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले से लेकर ग्रामीण इलाकों तक असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए रामगढ़ पुलिस ने रात में मोर्चा संभाल लिया है। नशाखोरी, अड्डेबाजी और महिलाओं के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर ‘प्रहरी’ पहल के तहत सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों ने दबिश दी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान पुलिस की टीमों ने उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी, जहां देर रात तक लोगों के जमावड़े और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका रहती है। विभिन्न इलाकों में अड्डेबाजी के खिलाफ छापेमारी कर संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, अनावश्यक जमावड़ा और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रहरी अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी है। खासकर महिलाओं और युवतियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने के मद्देनजर छेड़खानी और अन्य असामाजिक गतिविधियों वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश