चतरा में 1.028 किलो अफीम के साथ एक गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
चतरा, 02 नवंबर (हि.स.)। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगडा पुलिस ने रविवार को नावाडीह के पास छापेमारी कर 1.028 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़, ऊपर टोला निवासी संजय ठाकुर उर्फ संतोष कुमार ठाकुर (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है।
सिमरिया एसडीपीओ नागरगेज शुभम भाऊ साहेब ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित रांची से अवैध मादक पदार्थ खरीदकर नावाडीह होते हुए गिद्धौर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने नावाडीह के पास भेलवाड़ा मोड़ पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदेह के आधार पर आरोपित को पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर उसके पास से 1.028 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इस मामले में पत्थलगडा थाना में मामला दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह कार्रवाई चतरा पुलिस की ओर से नशे के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन चतरा' के तहत की गई।
छापेमारी दल में अंचल सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उदल राम, थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह सहित पत्थलगड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी