ट्रेलर चोरी मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

 


चतरा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। टंडवा थाना क्षेत्र में ट्रेलर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए वाहन के ट्रेलर को भुरकुंडा ओपी क्षेत्र से बरामद किया, जबकि उसका इंजन हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र से बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने शुक्रवार काे बताया कि वाहन संख्या (एचआर 39F-0083) की चोरी को लेकर टंडवा थाना में मामला दर्ज किया गया था। ए.के.सी. कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत नजीर के लिखित आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात कुमार बरवार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरी गए ट्रेलर को भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में दूसरे इंजन के साथ लगा हुआ बरामद किया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपिताें की निशानदेही पर वाहन का इंजन भी चरही थाना क्षेत्र से बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान हजारीबाग जिले के चुरचू निवासी गणेश कुमार गुप्ता पिता अकल साव और केरेडारी निवासी आशीष कुमार (22) पिता ध्यान साव के रूप में हुई है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ प्रभात कुमार बरवार, टंडवा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रभात कुमार, संदीप कुमार गुप्ता तथा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी