डाक पार्सल पिकअप से 1728 लीटर अवैध शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

 


चतरा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। वशिष्टनगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान डाक-पार्सल पिकअप वाहन से 1728 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। चतरा एसपी ने बताया कि 4 अक्टूबर को जोरी थाना गेट के समीप वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन संख्या जेएच 10 सीडी 8835 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से ऑफिसर च्वाइस की 200 पेटी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 180 एमएल की 48 बोतलें थीं।

गिरफ्तार चालक की पहचान विकाश कुमार उर्फ विकेश कुमार राय (27), पिता विजय राय, निवासी मढ़ौरा, थाना तरैया, सारण (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के अलावा रेडमी मोबाइल और पिकअप वाहन भी जब्त किया है। मामले में वशिष्टनगर थाना कांड संख्या 135/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी