शहादत चौक गोलीकांड में पुलिस ने दो अपराधियों को किया गिरफ्तार

 


चतरा, 31 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के बिंड मुहल्ला स्थित शहादत चौक में 16 अगस्त को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए कांड में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शहादत चौक निवासी मो अकबर उर्फ रोहित और मो समीर कुरैशी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सदर थाना में पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सोमवार को एसपी अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फायरिंग की घटना में मो शहजाद कुरैशी जख्मी हुआ था। मामले को लेकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग कांड में शामिल दोनों आरोपित चतरा से कुल्लू मोड़ होते हुए हजारीबाग की ओर भागने की तैयारी में हैं। सूचना पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने कुल्लू मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और फायरिंग की घटना में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी