कोर्ट में गवाही से बचने के लिए की प्रेमिका की हत्या

 


चतरा, 17 जुलाई (हि.स.)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 26 जून को बरामद युवती दिव्या कुमारी के शव के बरामद होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने हत्या में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि हत्या का मुख्य साजिशकर्ता अभी फरार है। मामले का खुलासा बुधवार को एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेसवार्ता में किया।

पुलिस के अनुसार मृतका दिव्या कुमारी बिहार के गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के अछमा गांव की रहने वाली थी। उसका शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव निवासी राहुल यादव के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच विवाद होने पर दिव्या ने राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था जो न्यायालय में लंबित है।

जांच में सामने आया कि राहुल यादव लगातार दिव्या पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। दिव्या के इनकार करने पर उसे डर था कि कोर्ट में गवाही देने से उसे सजा हो सकती है। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची और बिहार के बांकेबाजार थाना क्षेत्र के खरांटी गांव निवासी नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराने की योजना बनाई।

दोनों ने मिलकर दिव्या की गला दबाकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया।

शव बरामद होने के बाद हंटरगंज थाना में हत्या का मामला दर्ज कर तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने नेपाली गंझू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम तथ्य बताए हैं।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि हत्या का मुख्य आरोपित राहुल यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

छापेमारी दल में हंटरगंज इंस्पेक्टर विपिन कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी