एसएसबी जवान हत्याकांड के तीन आरोपित गिरफ्तार
चतरा, 22 जुलाई (हि.स.)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के आमीन गांव में वर्ष 2023 में महज दो डिसमिल जमीन के विवाद में एसएसबी जवान शिवकुमार यादव की पीट-पीटकर हत्या करने के बहुचर्चित मामले में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तीन वर्षों से फरार चल रहे मामले के तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसकी जानकारी चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस वार्ता में दी। इस दौरान हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार भी मौजूद थे।
एसडीपीओ ने बताया कि हंटरगंज थाना से संबंधित मामले में फरार चल रहे सोमर भूईयां उर्फ जगदीश भूईयां (50), सुरेंद्र भूईयां (30) और नंदु कुमार (28) को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपित हंटरगंज थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव के निवासी हैं। वर्ष 2023 में आमीन गांव में महज दो डिसमिल जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इसी दौरान एसएसबी जवान शिवकुमार यादव की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद हंटरगंज थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई लेकिन मुख्य आरोपित लगातार फरार थे।
एसडीपीओ ने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान तीनों प्राथमिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी