झारखंड के पुलिस अधिकारियों और जवानों को मिलेगा पदक

 


-वीरता और सराहनीय सेवा की दो श्रेणियों में जारी हुई चयनित कर्मियों की सूची

-डीएसपी, दारोगा और आरक्षी भी होंगे सम्मानित

रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस समारोह और राज्य की वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर पुलिस महकमे के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा। 28 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों से लेकर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), पुलिस अवर निरीक्षक और आरक्षी तक को उनकी सेवा एवं योगदान के लिए पदक दिए जाएंगे।

पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। सूची में दो श्रेणियों में सम्मान देने का उल्लेख है। इनमें वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं। वीरता पदक के लिए चयनित आईपीएस अधिकारियों में नरेंद्र कुमार सिंह और राकेश रंजन के नाम शामिल हैं। नरेंद्र कुमार सिंह वर्तमान में झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) के पद पर पदस्थापित हैं। उन्हें जेसीएम-2024 के तहत वीरता पदक के लिए चुना गया है। वहीं, राकेश रंजन वर्तमान में वरीय पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें भी जेसीएम-2024 के तहत वीरता पदक प्रदान किया जाएगा।

सराहनीय सेवा पदक के लिए चयनित आईपीएस अधिकारियों में असीम विक्रांत मिंज, अनीशा गुप्ता, राज कुमार महता, दीपक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार और दीपक कुमार पांडेय के नाम शामिल हैं।

वीरता पदक के लिए डीएसपी रैंक के अधिकारियों का भी चयन किया गया है। इनमें नीरज कुमार और प्रकाश सोय शामिल हैं। नीरज कुमार वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक, हटिया (रांची) के पद पर पदस्थापित हैं। इससे पहले वे एटीएस में कार्यरत थे। वहीं, प्रकाश सोय वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) के पद पर पदस्थापित हैं। इससे पहले वे कोतवाली थाना, रांची में कार्यरत थे। दोनों अधिकारियों के नाम जेसीएम-2023 और जेसीएम-2024 की सूची में शामिल हैं।

वीरता पदक के लिए चयनित पुलिस अवर निरीक्षकों (दारोगा) में राजीव कुमार भगत, दिव्य प्रकाश, सनोज कुमार चौधरी, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाह, राजबलम कुमार और शिवलाल गुप्ता के नाम शामिल हैं। इनके अलावा आरक्षी संख्या 621 प्रकाश कुमार यादव को भी वीरता पदक के लिए चयनित किया गया है।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को आयोजित मुख्य समारोह में चयनित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे