पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस सभा, कर्मियों की समस्याओं पर हुआ संवाद
देवघर, 16 मई (हि.स.)। नवीन पुलिस केंद्र डाबर ग्राम में देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में पुलिस सभा का आयोजन किया गया। सभा में देवघर जिला अंतर्गत कार्यरत विभिन्न स्तर के पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों की सामूहिक समस्याओं को क्रमवार सुना गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पुलिस कर्मियों के कार्य निष्पादन, अनुशासन, प्रशासनिक व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के संवाद आवश्यक हैं।
पुलिस सभा में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक सहित देवघर पुलिस केंद्र एवं विभिन्न थानों में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy