लातेहार में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में डीआईजी-एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 


लातेहार, 17 जून (हि.स.)। जनता और पुलिस के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को लातेहार पुलिस की ओर से सदर थाना क्षेत्र के डुरुआ गांव में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डीआईजी ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, कानूनी जागरूकता, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने महिलाओं और युवाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इसके साथ ही शांतिपूर्ण समाज की स्थापना, सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक एकता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।

एसपी कुमार गौरव ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और सामाजिक शांति को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संदीप कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार