चुट्टूपालू घाटी में तांडव मचाने वाले ट्रेलर के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
रामगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चुट्टूपालू घाटी में तांडव मचाने वाले ट्रेलर के चालक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
रामगढ़ थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर सुरेश उरांव ने घाटी में ट्रेलर चालक की ओर से तेजी एवं लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाने और कई वाहनों को टक्कर मारने की बात कही है। दर्ज प्राथमिकी में सब इंस्पेक्टर सुरेश उरांव ने बताया कि 01 जुलाई को हाई-वे पेट्रोलिंग के दौरान वे चुट्टूपालू घाटी के ललकी घाटी में पहुंचे तो देखा कि ट्रेलर संख्या ( एनएल 01 एडी 7009) के चालक को अपने वाहन को अत्यधिक तेज गति से और लापरवाही पूर्वक चलाया जा रहा है। उसने अपने आगे चल रहे छोटी कार (जेएच 01 जीपी 2723), (जेएच 01 बीएक्स 8969), (जेएच 24 एम 9939), (जेएच 01 एफजी 2883, (जेएच 01 एफएफ 3943), बस संख्या (जेएच02 बीक्यू 9799), कंटेनर संख्या( एनएल 01 एएच 2794), बाइक (जेएच 01 ईएम 1348), (जेएच 10 सीसी 2105) को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मारकर सड़क पर रुक गई। इस दुर्घटना में उपरोक्त सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार कई लोगों को चोटें आई। घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी से प्रतीत होता है कि दुर्घटना ट्रेलर चालककी ओर से बरती गई लापरवाही के कारण हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश