पांच दिन में विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्यभर में आंदोलन करेगा झारखंड पुलिस एसोसिएशन

 


रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित फोन पर गाली-गलौज और धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम महतो समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ दर्ज मामले में शीघ्र कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्यभर के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी आंदोलन करेंगे।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन की धनबाद शाखा ने घटना के विरोध में पुलिसकर्मियों द्वारा काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने और ड्यूटी पर नहीं लौटने के निर्णय के लिए केंद्रीय संगठन से अनुमति मांगी है। एसोसिएशन ने कहा है कि पांच दिन के भीतर विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्य की सभी शाखाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने बताया कि 25 अगस्त को धनबाद पुलिस एसोसिएशन, शाखा-धनबाद के पत्र के माध्यम से उन्हें घटना की जानकारी मिली। एसोसिएशन के अनुसार, 21 अगस्त की रात बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को जयराम महतो ने फोन किया और कथित तौर पर धमकी दी कि उनका तबादला कराने के बावजूद राज्य के जिस थाने में वह रहेंगे, वहां उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी।

एसोसिएशन का आरोप है कि फोन पर कथित धमकी के बाद देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। इस दौरान थाना प्रभारी की टेबल पर रखे सामान को इधर-उधर किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस एसोसिएशन ने इसे पुलिस पदाधिकारी के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है।

पुलिस एसोसिएशन के मुताबिक, घटना को लेकर बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में विधायक जयराम महतो समेत करीब 10 लोगों को आरोपित बनाया गया है।

एसोसिएशन का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों के सम्मान एवं गरिमा की रक्षा को अपना दायित्व बताते हुए आरोपितों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगातार की जा रही कथित बयानबाजी पर भी आपत्ति जताई है। संगठन के अनुसार, विधायक की ओर से पुलिसकर्मियों के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो जारी किए जा रहे हैं।

एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की बयानबाजी से पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान एवं गरिमा को ठेस पहुंच रही है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि विधायक की ओर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी को ऑफ ड्यूटी पीटने की बात कही गई है।

पुलिस एसोसिएशन ने ऐसी कथित बयानबाजी से थाना प्रभारी रवि कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि इस तरह के बयानों से पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के जान-माल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

एसोसिएशन ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि पांच दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यभर के पुलिसकर्मी सामूहिक आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे