पुलिस ने सुमित हत्याकांड के दो अन्य आरोपितों को किया गिरफ्तार
रामगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। रामगढ़ शहर के न्यू कॉलोनी बगीचा में सुमित अग्रवाल की हत्या से पर्दा उठ गया है। उसकी हत्या का कारण नशीली दवाओं का व्यापार और आपसी रंजिश स्पष्ट हो गई है। रामगढ़ पुलिस ने हत्या में शामिल दो अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जानकारी सोमवार को डीएसपी हेड क्वार्टर अकरम रजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि न्यू कॉलोनी बगीचा निवासी सुमित सोनी और अभिषेक कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले सूरज कुमार दास उर्फ छोटू को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर सुमित की हत्या में प्रयुक्त की गई चाकू और बाइक भी जब्त कर ली गई है।
डीएसपी अकरम रजा ने बताया कि 28 जुलाई की रात झंडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल न्यू कॉलोनी बगीचा में अभिषेक, सुमित, सूरज कुमार दास और उनके साथियों से मिलने गया था। वहां पर नशीली दवाओं और बकाए लेनदेन को लेकर नोक-झोंक शुरू हुआ। इसी दौरान अपराधियों ने चाकूबाजी शुरू कर दी। सुमित अग्रवाल के गर्दन पर चाकू से वार किया गया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल सुमित ने भागने की भी कोशिश की। लेकिन सभी अपराधियों ने उसे दबोच लिया और उसपर दर्जनों बार चाकू से वार किया।
डीएसपी अकरम रजा ने बताया की हत्या की वारदात में शामिल बुलेट (जेएच 24 पी 4489) को जब्त कर लिया गया है। साथ ही दो चाकू भी पुलिस ने बरामद किया है, जो सुमित की हत्या करने के लिए प्रयोग की गई थी। पुलिस अभी भी सुमित की बाइक की तलाश कर रही है। सुमित की बाइक और उसका मोबाइल अभी भी पुलिस को नहीं मिला है।
छापेमारी दल में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, सब इंस्पेक्टर मंजेश कुमार, सुमंत कुमार राय, बीरबल हेंब्रम, विकास कुमार, मनीष कुमार सिंह, जॉनी कुमार, रोशन बाड़ा, रौशन कुमार, मो नौशाद शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश