पुलिस ने फरार दो आरोपिताें को किया गिरफ्तार
रामगढ़, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के गोला थाना क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब के कारोबार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में गठित टीम ने ऊपर खखरा के टोला पत्थलगढ़ा में छापेमारी कर कांड के प्राथमिक अभियुक्त बाजुन मांझी उर्फ बाजुन हांसदा और जीवन मांझी को गिरफ्तार किया। मामले काे लेकर गोला थाने में प्राथिमकी दर्ज की गई है।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सोमवार को कहा कि विगत 10 मई को दोनों आरोपिताें के घर से भारी मात्रा में बनाई गई अवैध अंग्रेजी शराब, विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, खाली शराब की बोतल, ढक्कन, शराब बनाने वाली मशीन और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई थी। मामले में आरोिपत मनोज मुर्मू और भदरू सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। इस मामले के मुख्य शराब कारोबारी बोकारो जिले के जरीडीह थाना अंतर्गत तुपकाडीह के ग्राम ततरी निवासी बिनोद साव को 12 सितंबर को गिरफ्तार किया गया है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, गोला अंचल के पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, अवर निरीक्षक अमित कुमार, स्वामी रंजन ओझा, अनुसंधानकर्ता कुमार प्रभात रंजन, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार गोराई एवं बहादुर महतो सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश