रामनवमी को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, 10 हजार से अधिक सुरक्षाबलों की होगी तैनाती

 


रांची, 23 मार्च (हि.स.)। झारखंड में रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राज्य के सभी 24 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

पुलिस ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है, बल्कि संभावित हालात से निपटने के लिए विशेष मॉक ड्रिल भी आयोजित की है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए 10 हजार से अधिक पुलिस जवानों और अर्द्धसैनिक बल की तैनाती की गई है। खासतौर पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं।

राज्य के रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह, हजारीबाग और लोहरदगा जिलों को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है, जहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इनमें भी रांची और हजारीबाग में सबसे अधिक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर भीड़भाड़ वाले इलाकों, जुलूस मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा दंगा नियंत्रण वाहन, क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और विशेष गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे।

पुलिस की ओर से आधुनिक तकनीक का भी व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, वहीं सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। साथ ही अफवाहों पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने सोमवार को बताया कि रामनवमी की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं और सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न दें।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे