चांदनी होटल में देह व्यापार का खुलासा, पांच युवतियों सहित 12 गिरफ्तार

 


चतरा, 22 अगस्त (हि.स.)।

चतरा शहर के न्यू परिसदन भवन के सामने स्थित चांदनी होटल में संचालित देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान पांच युवतियों सहित कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार लोगों में रैकेट की कथित संचालिका (मास्टरमाइंड) महिला भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन, चार कमरों से आपत्तिजनक सामग्री, एक अपाची बाइक एवं एक स्कूटी जब्त की है।

इस संबंध में सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि चांदनी होटल में अनैतिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन कर होटल में कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से पांच युवतियों सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया गया। जांच में देह व्यापार से जुड़े कई साक्ष्य मिले। जिसके आधार पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की ओर से जब्त मोबाइल फोन और अन्य सामग्रियों की भी जांच की जा रही है ताकि रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी