राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधी हथियार सहित गिरफ्तार
चतरा, 14 जुलाई (हि.स.)। टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग से जुड़े तीन अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधी कोयला साइडिंग की रेकी कर कारोबारियों में दहशत फैलाकर लेवी वसूलने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो गांव में कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन कर क्षेत्र में घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बोकारो जिले के संजय मुर्ती, आलोक कुमार सिंह और हजारीबाग जिले के अजय करमाली के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों के राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपित टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में संचालित कोयला साइडिंग और कारोबारियों की गतिविधियों की रेकी कर रहे थे। उनकी योजना फायरिंग कर दहशत का माहौल बनाना और इसके बाद कारोबारियों से रंगदारी (लेवी) वसूलना था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी साजिश समय रहते विफल हो गई। बरामद हथियारों के स्रोत और आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
छापेमारी अभियान में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा, पुलिस अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सहित विशेष पुलिस दल के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोयलांचल क्षेत्र में अपराध और रंगदारी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी