चतरा में 16 लाख की 3700 बोतल विदेशी शराब जब्त
चतरा, 03 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने शराब की खेप को धान के भूसे के नीचे छिपाकर ट्रक से बिहार भेजने की कोशिश की थी। पुलिस की वाहन जांच से बचने के प्रयास में ट्रक पलट गया। जिससे शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं।
वहीं चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार भेजा जा रहा था। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, राहुल सिंह, रवि रंजन कुमार और प्रवीण कुमार शामिल थे।
पुलिस ने शेरेगड़ा के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम की ओर से पीछा किए जाने पर संघरी घाटी मोड़ के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया।
जांच के दौरान ट्रक धान के भूसे से भरा मिला। भूसे के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां ट्रक पलटने के बाद बाहर आ गईं और बोतलें सड़क पर बिखर गईं। पुलिस ने मौके से 3700 बोतल विदेशी शराब जब्त की। एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार के
किसी गिरोह तक पहुंचाना था। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी