कविता संग्रह माटी से मन तक का हुआ लोकार्पण

 




दुमका, 26 नवंबर (हि.स.)। साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित कवि एवं शिक्षाविद् डॉ. धनंजय कुमार मिश्र की काव्यकृति ‘काव्याञ्जलि (माटी से मन तक)’ का लोकार्पण गुरुवार को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय कुलपति प्रोफेसर कुनुल कंदीर के हाथों किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ अब्दुस सत्तार, वित्त पदाधिकारी डॉ संजय कुमार सिन्हा, कुलानुशासक डॉ राजीव कुमार, मनोविज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ कला नंद ठाकुर, साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रणजीत कुमार सिंह सहित साहित्य, शिक्षा एवं संस्कृति से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

38 कविताओं का यह संग्रह कवि के संवेदनशील मन, जीवनानुभवों और सामाजिक सरोकारों की काव्यात्मक अभिव्यक्ति है। ‘माटी से मन तक’ शीर्षक अपने आप में पुस्तक की मूल चेतना को उद्घाटित करता है। इसमें माटी से जुड़ी स्मृतियां, प्रकृति के विविध रूप, मानवीय संबंधों की ऊष्मा, जीवन के सुख-दुःख तथा समाज के प्रति कवि की संवेदनशील दृष्टि अभिव्यक्त हुई है।

कविता संग्रह की कविताओं में अपनी जन्मभूमि और लोकसंस्कृति के प्रति गहरा अनुराग दिखाई देता है। विशेष रूप से ‘प्यारी माटी’ कविता में झारखंड की साझा सांस्कृतिक विरासत, सरहुल, करमा, मांदर की थाप एवं मंदिर-मस्जिद के माध्यम से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकात्मता का सुंदर चित्र प्रस्तुत किया गया है। कवि की दृष्टि में माटी केवल भौगोलिक पहचान नहीं, बल्कि मनुष्य की स्मृतियों, संस्कारों और संवेदनाओं का आधार है।

डॉ. धनंजय कुमार मिश्र की कविताओं में भावुकता के साथ जीवन का यथार्थ झलकता है। उनकी अभिव्यक्ति में कहीं प्रकृति के प्रति अनुराग है, तो कहीं सामाजिक विसंगतियों के प्रति चिंता; कहीं अतीत की स्मृतियों का आलोक है, तो कहीं भविष्य के प्रति आशा और विश्वास। भाषा की सहजता, भावों की आत्मीयता और अभिव्यक्ति की लालित्यपूर्ण शैली इस संग्रह को विशिष्ट बनाती है।

कुलपति प्रोफेसर कुनुल कंदीर ने कहा कि साहित्य का वास्तविक उद्देश्य मनुष्य को उसकी जड़ों, संवेदनाओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ना है। ‘काव्याञ्जलि (माटी से मन तक)’ इसी साहित्यिक दायित्व का निर्वहन करती दिखाई देती है। यह कृति पाठकों को अपनी माटी, अपनी संस्कृति और अपने अंतर्मन से संवाद करने के लिए प्रेरित करेगी।

डॉ. धनंजय कुमार मिश्र सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। अध्यापन एवं शोध के साथ साहित्य-सृजन में उनकी सक्रियता रही है। प्रस्तुत काव्य-संग्रह उनके रचनात्मक व्यक्तित्व का एक महत्वपूर्ण आयाम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार