पीएम श्री विद्यालय के विद्यार्थियों ने किया ओडिशा का शैक्षणिक भ्रमण

 


देवघर, 09 जुलाई (हि.स.)। झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग की पहल पर देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय मलहरा और पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय महेशमारा के छात्र-छात्राओं ने ओडिशा के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का सफल शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण के बाद सभी विद्यार्थी और शिक्षक सकुशल देवघर लौट आए।

शैक्षणिक भ्रमण के गाइड शिक्षक मृत्युंजय कुमार राय ने बताया कि दल 03 जुलाई 2026 को देवघर से रांची होते हुए तपस्विनी एक्सप्रेस से भुवनेश्वर पहुंचा। वहां सुभद्रा ट्रस्ट की ओर से विद्यार्थियों के आवास, भोजन एवं भ्रमण की समुचित व्यवस्था की गई।

भ्रमण के पहले दिन विद्यार्थियों ने भुवनेश्वर साइंस सिटी का दौरा किया, जहां विज्ञान और गणित से जुड़े आधुनिक मॉडल देखे और 3डी फिल्म का आनंद लिया। इसके बाद एसटी-एससी संग्रहालय में आदिवासी समाज की संस्कृति, रहन-सहन, पारंपरिक औजार और जीवनशैली की जानकारी प्राप्त की। शाम को आयोजित प्रेरणादायी सत्र में मोटिवेशनल स्पीकर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने कटक संग्रहालय का भ्रमण किया, जहां उन्हें ओडिशा के इतिहास, संस्कृति, भूगोल और प्राचीन समुद्री व्यापार की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने जाना कि ओडिशा का हजारों वर्ष पूर्व इंडोनेशिया, थाईलैंड सहित कई देशों से समुद्री व्यापारिक संबंध रहा है। इसके बाद उन्होंने धौलगिरि और खंडगिरि की ऐतिहासिक पहाड़ियों और मंदिरों का अवलोकन कर उनके धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को समझा।

तीसरे दिन विद्यार्थियों ने विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर का भ्रमण किया।

मंदिर की अद्भुत वास्तुकला, ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत से छात्र-छात्राएं काफी प्रभावित हुए। इसके बाद सभी ने कोणार्क समुद्र तट पर समुद्री लहरों का आनंद लिया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने बताया कि यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा। ग्रामीण परिवेश और सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और पर्यटन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

भ्रमण दल में पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय मलहरा से शिक्षक मृत्युंजय कुमार राय एवं ममता कुमारी, जबकि पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय महेशमारा से कंचन गुप्ता और राजेश मंडल शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में शामिल थे। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस पहल के लिए झारखंड सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy