प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो अमृत होरो गिरफ्तार

 


रांची, 28 मई (हि.स.)। रांची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के सुप्रीमो अमृत होरो उर्फ मेचो को लापुंग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। अमृत पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, रांची एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस की स्पेशल टीम ने अमृत को लापुंग से गिरफ्तार किया। वह पीएलएफआई का शीर्ष कमांडर था और संगठन का नेतृत्व कर रहा था।

एनआईए के जरिए पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप की गिरफ्तारी और फिर गुमला में मार्टिन केरकेटा के एनकाउंटर के बाद अमृत होरो को संगठन का सुप्रीमो बनाया गया था।गिरफ्तारी के बाद पुलिस अमृत से संगठन के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य उग्रवादियों के ठिकानों की जानकारी ले रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे