राज्यपाल से मिले झारखंड बधिर क्रिकेट संघ के खिलाड़ी

 


रांची, 7 मई (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से गुरुवार को झारखंड बधिर क्रिकेट संघ के खिलाड़ियों ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।

बधिर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष दीपक यादव के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने राज्यपाल को अवगत कराया कि विषम परिस्थितियों एवं सीमित संसाधनों के बावजूद टीम के खिलाड़ियों ने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है तथा ‘तृतीय टी-20 नेपाल डीफ क्रिकेट टूर सीरीज ऑफ इंडिया 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया है।

राज्यपाल ने टीम के खिलाड़ियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण एवं टीम भावना का सशक्त प्रतीक है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर यह सिद्ध किया है कि चुनौतियाँ सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट देश का अत्यंत लोकप्रिय खेल है तथा हर्ष है कि झारखण्ड के खिलाड़ी क्रिकेट सहित विभिन्न खेल विधाओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य एवं देश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। यहां के युवाओं में खेलों के प्रति विशेष रुचि एवं अपार प्रतिभा विद्यमान है, जिसे उचित प्रोत्साहन एवं अवसर प्रदान किए जाने की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियाँ समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और वे खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रयासरत हैं। उन्होंने झारखण्ड बधिर क्रिकेट संघ को यथासंभव सहयोग एवं प्रोत्साहन का आश्वासन भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे