वन महोत्सव सप्ताह पर चला प्लास्टिक मुक्त अभियान

 




रामगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। वन महोत्सव सप्ताह के अवसर पर श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में “प्लास्टिक के थैले को ‘ना’, कपड़े के थैले को ‘हां’ ” अभियान चलाया गया। विद्यालय की इस पहल के तहत करीब 1500 कपड़े के थैले तैयार कराए गए। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

मुख्य अतिथि उपेंद्र पांडे ने प्रार्थना सभा में पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर अभियान शुरू किया। इस दौरान कक्षा 11 वाणिज्य के शिक्षक आनंद गुप्ता एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। खुशी कुमारी सांवरिया ने प्रभावशाली भाषण दिया। जबकि मेघा ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रेरक स्लोगन प्रस्तुत किए। सभी विद्यार्थियों ने प्लास्टिक मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे पोस्टर और आकर्षक नारों के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैले का उपयोग करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्लास्टिक कचरे से मिट्टी, जल, वन्यजीव और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता में तनुलता कुमारी, रुही कुमारी, कुमारी नयन, सृष्टि कुमारी, अदिति प्रभा, श्रेयाशी कुमारी, वामिका राजेश्री, स्नेहल पवार और मोनिषा वर्मवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश