महिला महाविद्यालय में पौधारोपण, छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

 


चतरा, 08 अगस्त (हि.स.)। महिला महाविद्यालय चतरा में पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत शनिवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दक्षिणी वन क्षेत्र चतरा के वन प्रमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने अशोक का पौधा लगाकर किया।

इसके बाद प्राचार्य डॉ बलदेव राम सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने परिसर में फलदार एवं अन्य पौधे लगाए। इस दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाविद्यालय पहुंचने पर मुख्य अतिथि का छात्राओं ने तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। प्राचार्य ने पौधा भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।

मुख्य अतिथि मुकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को आगे आना होगा। वृक्षों की सुरक्षा ही हमारे जीवन की सुरक्षा है। जल और जंगल हमारे जीवन का आधार हैं, इसलिए इनकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर पौधारोपण करने की अपील की।

मुख्य अतिथि ने प्रोफेसरों, कर्मचारियों एवं छात्राओं को पौधे भेंट कर प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने हाथों में पौधे लेकर “आओ हम सब वृक्ष लगाएं, अपना जीवन स्वयं बचाएं” का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन प्रो विकास चतुर्वेदी ने किया। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो बालेश्वर राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया और स्वरचित काव्य पाठ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ प्रिया दुबे, प्रो. शोभा कुजूर, प्रो. राजदेव गुप्ता, प्रो. विकास चतुर्वेदी समेत शिक्षकेत्तर कर्मियों एवं सुरक्षा कर्मियों का सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी