झारखंड मेडिको सिटी के लिए 2.84 अरब का प्रस्ताव को भेजा गया कैबिनेट

 


रांची, 05 अगस्त (हि.स.)। झारखंड को देश के प्रमुख मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने रांची में विश्वस्तरीय झारखंड मेडिको सिटी की स्थापना के लिए 02 अरब 84 करोड 17 लाख 24 हजार 900 रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) को भेज दिया है।

कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा।

मंत्री इरफान अंसारी ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने और मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। प्रस्तावित मेडिको सिटी में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोसाइंस, किडनी एवं लिवर ट्रांसप्लांट, ऑर्थोपेडिक्स, महिला एवं शिशु स्वास्थ्य तथा अन्य सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि इस परियोजना से चिकित्सा शिक्षा, मेडिकल रिसर्च और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित होंगे तथा झारखंड पूर्वी भारत के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उभरेगा। इरफान अंसारी ने बताया कि मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए देश के कई प्रतिष्ठित अस्पताल समूहों से बातचीत चल रही है। अपोलो, फोर्टिस, मैक्स, मेदांता, नारायणा हेल्थ, मणिपाल, यशोदा, केआईएमएस, ग्लोबल हॉस्पिटल्स और कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल सहित अन्य संस्थानों को झारखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar