फिज़िक्सवाला के सीईओ ने छात्रों का बढाया उत्साह
रांची, 01 जून (हि.स.)। फिजिक्सवाला (पीडब्ल्यू) के संस्थापक और सीईओ अलख पांडेय ने जेईई एडवांस 2026 में सफल सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो उनके समर्पण का परिणाम है।
सोमवार को पीडब्ल्यू की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अलख पांडेय अपने संबोधन में छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना कर रहे थे। उन्होंने अपने संदेश में छात्रों से कहा कि जिन छात्रों को इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है।
जेईई हो या नीट, कोई भी परीक्षा किसी व्यक्ति की क्षमता या भविष्य की सफलता का अंतिम पैमाना नहीं होती। सीखने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है और प्रत्येक परीक्षा उस यात्रा का केवल एक पड़ाव है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास बनाए रखते हुए लगातार प्रयास करने और आने वाले अवसरों के लिए स्वयं को तैयार रखने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar