बैंक डकैती मामले में आरोपित की तस्वीर जारी, पहले सूचना देने वाले को मिलेगा 2 लाख का इनाम
पूर्वी सिंहभूम, 26 सितंबर (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों की डकैती मामले में पुलिस ने फरार मुख्य डकैत की तस्वीर जारी कर दी है। इस बड़े डकैती कांड के उद्भेदन और शातिर अपराधी को दबोचने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पूर्वी सिंहभूम की ओर से 2 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया है। यह पुरस्कार राशि पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) की विधिवत अनुशंसा के बाद तय की गई है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आवश्यक सूचना के अनुसार 24 सितंबर 2026 को गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में 5 अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक से करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर गोलमुरी थाने में कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। घटना 24 सितंबर की है।
पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच के आधार पर वारदात में सीधे तौर पर शामिल डकैत का फोटो सार्वजनिक किया है। पुलिस के अनुसार, यह अपराधी बेहद शातिर है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना स्थान और ठिकाने बदल रहा है। कांड के पूर्ण उद्भेदन और लूटे गए 23 किलो सोने व नकदी की बरामदगी के लिए इस अपराधी की गिरफ्तारी को पुलिस ने बेहद आवश्यक माना है।
एसएसपी ने सार्वजनिक घोषणा की है कि जो कोई भी व्यक्ति इस फरार अपराधी को गिरफ्तार कराएगा या ऐसी सटीक सूचना देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके, उसे दो लाख रुपये मात्र का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस फरार अपराधी के संबंध में कोई भी सुराग या जानकारी हो, तो वे सीधे वरीय पुलिस अधिकारियों 9431706480, 9471190203, 9431706483, 9431706494 से निम्नलिखित फोन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे