वैलिडेशन संशोधन वापस लेने को लेकर एसोसिएशन ने दिया धरना
रांची, 19 सितंबर (हि.स.)।
फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड के बैनर तले शनिवार को शहीद चौक पर पेंशनर्स ने 11 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
इसमें रेलवे, पोस्टल, आरएमएस, बैंक, बीएसएनएल, राज्य सरकार पेंशनर्स एसोसिएशन और झारखंड पेंशनर्स कल्याण समाज सहित विभिन्न संगठनों के सैकड़ों प्रतिनिधि शामिल हुए। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता रेलवे के जेएस बहल और डाक विभाग के साधन कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से की।
संचालन करते हुए राज्य सचिव एमजेड खान ने 19 सितंबर 1968 की केंद्रीय कर्मचारियों की हड़ताल को याद करते कहा कि तत्कालीन सरकार ने दमनात्मक कार्रवाई करते हुए ईएसएमओ लागू कर 17 हजार से अधिक कर्मचारियों को गिरफ्तार और हजारों कर्मचारियों को बर्खास्त एवं निलंबित किया था। उनके अनुसार इस कार्रवाई में 17 कर्मचारियों की मृत्यु हुई थी।
वहीं पेंशनर्स की मुख्य मांगों में वैलिडेशन संशोधन वापस लेने, टर्म ऑफ रेफरेंस में संशोधन, एनपीएस-यूपीएस समाप्त कर ओपीएस बहाल करने, 50 प्रतिशत डीए-डीआर को वेतन-पेंशन में विलय करने, बैंक और बीएसएनएल पेंशनर्स का अपडेशन और पेंशन रिवीजन की मांग शामिल है।
मौके पर जमशेदपुर, धनबाद, डाल्टनगंज और हजारीबाग से भी पेंशनर्स प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar