रांची में आयोजित 17वें पेंशन दरबार में सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया गया सम्मानित

 


रांची, 01 जून (हि.स.)। रांची के जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में 17वें पेंशन दरबार-सह-सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके लंबे और उल्लेखनीय शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया तथा उन्हें सेवानिवृत्ति संबंधी लाभों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। शिक्षकों ने अपने ज्ञान, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों को शिक्षित किया, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य को संवारने में भी अहम भूमिका निभाई है।

उपायुक्त ने कहा, “आप सभी शिक्षकों ने शिक्षा के पवित्र क्षेत्र में निष्ठा, धैर्य और समर्पण के साथ सेवा की है। आपने सिर्फ पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान नहीं दिया, बल्कि हजारों बच्चों के सपनों को नई उड़ान दी है। समाज को योग्य, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक देने में आपका योगदान अविस्मरणीय है। आपका अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।”

उपायुक्त ने शिक्षकों से सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े रहने का आग्रह किया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वयं को सक्रिय रखने और अपने अनुभवों का लाभ समाज एवं युवाओं को देने की सलाह दी।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षकों की सेवाओं और उनके योगदान के प्रति सदैव सम्मान का भाव रखता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को नई जीवन यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह 17वां पेंशन दरबार-सह-सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह है। जिला प्रशासन की ओर से जनवरी 2026 से शिक्षकों के साथ-साथ अन्य सरकारी कर्मचारियों को भी सेवानिवृत्ति के समय सम्मानित करने और उनके लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत अब तक 300 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षिकाएं लाभान्वित हो चुके हैं। प्रशासन की ओर से यह प्रक्रिया लगातार जारी है, ताकि सेवानिवृत्त कर्मियों को समय पर उनके अधिकार और सम्मान दोनों मिल सकें।

समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं में सुधांशु रंजन प्रमाणिक, असीमा लकड़ा, माला सामद, मृत्युंजय सिंह मुंडा, इजहार अहमद, मरियम खोया, सीमा बारला, संजय कुमार और मीनू कुमारी को सम्मानित किया गया।

इस दौरान सभी सम्मानित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह, शॉल, पुष्पगुच्छ तथा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी शिक्षकों की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे